Oplus_16908288
झबरेड़ा 8 अप्रैल। पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस टीम ने स्मैक की तस्करी में संलिप्त एक शातिर आरोपित को भारी मात्रा में स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।

थाना झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक देहात व क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में एक पुलिस टीम गठित की गई थी। मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम कोटवाल के पास से एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 29.20 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित अब्दुल कादिर 26 वर्ष, निवासी ग्राम लाठरदेवा शेख, थाना झबरेड़ा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपित के खिलाफ थाना झबरेड़ा में संबंधित एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, चौकी प्रभारी लखनोता रोहित कुमार,कांस्टेबल कुंवर सिंह,रणवीर सिंह मौजूद थे।





