Oplus_19005440
झबरेड़ा 2 फरवरी। थाना क्षेत्र के कुछ गांव में संत शिरोमणि रविदास जयंती पर शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव फखरेडी,बेहडेकी सैदाबाद, भलस्वागाज,नूरपुर बूढ़पुर व भक्तोंवाली में संत शिरोमणि रविदास मंदिर प्रांगण में हवन यज्ञ के बाद 649वीं संत रविदास जयंती पर शोभा यात्राएं निकाली गई। गांव भक्तोंवाली स्थित रविदास मंदिर से मुख्य अतिथि विधायक वीरेंद्र जाती,विशिष्ट अतिथि डॉ गौरव चौधरी व भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह द्वारा रिबन काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा गांव के गली मोहल्ले से होती हुई कस्बा झबरेड़ा में स्थित अमर जवान चौक बस अड्डा मुख्य बाजार से पुराना बाजार मोहल्ला छावनी होते हुए कस्बे में स्थित रविदास मंदिर से शिव चौक होते हुए मुख्य मार्ग से ग्राम भक्तोंवाली में स्थित रविदास मंदिर पर ही समापन हुआ। शोभायात्रा में एक दर्जन से भी अधिक बैंड बाजे तथा मनोहर झांकियां शामिल रही। शोभायात्रा में सैकड़ो की संख्या में महिला तथा पुरुषो की भारी भीड़ रही। इस दौरान मंदिर प्रांगण में भंडारा भी दिया गया। भीम आर्मी प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील पाटिल ने बताया कि यह दिन समानता और सामाजिक सुधार के लिए प्रसिद्ध संत रविदास के विचारों को याद करने के लिए मनाया जाता है। गांव भक्तोंवाली की शोभायात्रा प्रदेश उत्तराखंड की सबसे भव्य शोभायात्रा निकल जाती है। जिसमें हजारों की संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल होते हैं। उनके गांव के हर घर में सभी के यहां उनके रिश्तेदार तक भी इस शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जयंती को एक बड़े त्यौहार के रूप में मनाया जाता है जिसमें सभी अपनी भूमिका बढ़-चढ़कर निभाते हैं। शोभायात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए झबरेड़ा थाना अध्यक्ष अजय शाह द्वारा कमान संभालते हुए पुलिस बल का विशेष इंतजाम किया गया ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अजब सिंह,गांव प्रधान प्रमोद महाजन, नीटू कोशिवा, रविकांत,ललित कुमार,सुधीर कोशिवा,रवि, सोनू समेत समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।
