
रुड़की 18 मार्च। कांग्रेस नेता द्वारा हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण में बड़े पैमाने पर राजस्व की चोरी हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आशीष सैनी ने खुलासा किया कि आवासीय भूखंडों और कॉलोनियों के लेआउट पास करने के नाम पर प्राधिकरण में बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जायज लेआउट को निरस्त किया जाता है और फिर भ्रष्टाचार के माध्यम से कम राजस्व पर उन्हें स्वीकृत कर दिया जाता है, जो कि एक गंभीर अपराध है। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि बाग और कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनियां काटी जा रही हैं, जो माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों का सीधा उल्लंघन है। जनता द्वारा की गई शिकायतों पर अधिकारी कोई संज्ञान नहीं लेते, बल्कि अपने भ्रष्टाचार को छिपाने में लगे रहते हैं। अन्य राज्यों से प्रतिनियुक्ति एक्सटेंशन और संविदा पर तैनात कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार का एक संगठित सिंडिकेट बना लिया है, जिनके खिलाफ कार्रवाई करने से उच्च अधिकारी भी कतराते हैं। उक्त मामले में आशीष सैनी ने तीखे शब्दों में कहा कि HRDA वर्तमान में भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। यहाँ सामान्य आवेदकों का शोषण किया जाता है, जबकि अवैध निर्माण करने वालों को खुली छूट मिली हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मुख्यमंत्री से विशेष कार्यबल (SIT) गठित करने की मांग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फिर भी सुधार नहीं हुआ, तो न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।




