झबरेड़ा 7 मार्च। लखनौता-देवबंद मार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया। गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-बोगी की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी और उनका 5 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक ने इंसानियत दिखाते हुए न केवल घायलों को अस्पताल पहुँचाया, बल्कि उनके इलाज का खर्च उठाने की भी पेशकश की।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना देवबंद उत्तर प्रदेश के ग्राम राजुपुर निवासी राकेश कुमार अपनी पत्नी विमला देवी और 5 वर्षीय बेटे सनी के साथ बाइक पर सवार होकर रुड़की जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम सुसाडी के पास स्थित तिराहे पर पहुँचे, तभी उनकी बाइक गन्ने से भरी ट्रैक्टर-बोगी की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक किसान ने भागने के बजाय अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और घायलों को तत्काल उपचार के लिए पास के गांव में एक डॉक्टर के पास ले गया। और उनके परिजनों को सूचना देकर उनके आने तक वहीं मौजूद रहा। घायल परिवार के परिजन मौके पर पहुँचे, तो किसान ने स्वेच्छा से इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही। परिजनों ने किसान की ईमानदारी और तत्परता को देखते हुए इलाज के पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया।बताया गया है कि विमला देवी पैर की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है और राकेश व सनी दोनों का उपचार कर घर भेज दिया गया है। पुलिस को घटना की सूचना मिलने तक दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला मौके पर ही निपट गया।





