Oplus_16908288

झबरेड़ा 8 अप्रैल। कस्बे में यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष पद के लिए हुए लोकतांत्रिक चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कड़े मुकाबले के बाद अनस अंसारी ने विजय प्राप्त कर नगर अध्यक्ष की कमान संभाली है। इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक आयोजित कर खुशी का इजहार किया और आगामी चुनावों के लिए हुंकार भरी।

बुधवार को यूथ कांग्रेस के चुनाव में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम में अनस अंसारी 296 मत लेकर विजेता बने जबकि आयात अख्तर 213 मत मिले। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ओबीसी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी ने नवनियुक्त अध्यक्ष अनस अंसारी को माला पहनाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा युवा वर्ग किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ की हड्डी होता है। किसी भी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। अब समय आ गया है कि हम सभी पुराने मतभेद भुलाकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करें और जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग दें। अपनी जीत पर आभार व्यक्त करते हुए अनस अंसारी ने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को मजबूती देने का काम करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर गौरव वर्मा, राव रिजवान अली , शिवम पवार, मानसिंह खालसा, सलमान सत्तार, यामिन अंसारी, दिलशाद अहमद, जमशेद मलिक, विशाल, अजय, समीर और दानिश सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




