Oplus_19005440

झबरेड़ा 1 अप्रैल। कस्बा स्थित गैस एजेंसी कार्यालय पर पिछले कई दिनों से लग रही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ बुधवार को आखिरकार कम हो गई। सुबह के समय सिलेंडर लेने वाले लोगों की कतार जरूर नजर आई, लेकिन दोपहर होते-होते स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई और सभी उपभोक्ता समय पर सिलेंडर लेकर अपने घरों को लौट गए।कस्बा झबरेड़ा में बुधवार सुबह रोजाना की तरह गैस सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई थी। इस बार राहत की बात यह रही कि दोपहर होते-होते कतार में खड़े सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया। जैसे ही लाइन खत्म हुई, पिछले कई दिनों से लगातार काम के दबाव से जूझ रहे गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली। गैस एजेंसी के नोडल अधिकारी हर्षवर्धन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गैस की किल्लत को लेकर कुछ अफवाहें फैल गई थीं। इसी वजह से गैस एजेंसी कार्यालय के बाहर अचानक लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। बुधवार को दोपहर तक सभी जरूरतमंदों को सिलेंडर दे दिए गए। इसके बाद इक्का-दुक्का लोग ही आए और किसी को भी खाली हाथ वापस नहीं लौटना पड़ा। प्रशासन और गैस एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी को सुचारू रूप से सिलेंडर मिलते रहेंगे।





