Oplus_16908288

झबरेड़ा 23 मार्च। कस्बा स्थित एकमात्र गैस एजेंसी पर सोमवार को उस वक्त अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, जब सुबह 7:00 बजे से ही सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबी लाइनों में महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक रही। स्थिति को बिगड़ते देख मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा।झबरेड़ा कस्बे सहित आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों कोटवाल आलमपुर, भक्तोंवाली, सुल्तानपुर, कुशालीपुर, शेरपुर खेल मऊ, सदोली, खरकड़ी और साबतवाली की लगभग 50 हजार की आबादी इसी इकलौती एजेंसी पर निर्भर है। सरकार द्वारा सिलेंडर रिफिल के लिए 25 दिन का अंतराल अनिवार्य करने के नियम ने बड़े परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी नियम के डर से उपभोक्ताओं में सिलेंडर लेने की होड़ मची हुई है। दोपहर 2:00 बजे तक लाइन में लगने के बावजूद कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र से आए बाबूराम, नवीन कुमार, रोहित और राजवीर सिंह ने रोष जताते हुए कहा कि हम सुबह 7:00 बजे से भूखे-प्यासे लाइन में खड़े थे, लेकिन दोपहर होते ही एजेंसी कर्मचारियों ने केवाईसी कराने का बहाना बनाकर हमें वापस भेज दिया। भीड़ और हंगामे की सूचना मिलते ही नोडल अधिकारी हर्षवर्धन रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं को शांत कराते हुए कहा कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी को बारी-बारी से सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





