Oplus_16908288
झबरेड़ा 26 मार्च। क्षेत्र में एकमात्र इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह 7:00 बजे से ही महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति इस कदर बेकाबू हुई कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

झबरेड़ा कस्बे सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों कोटवाल आलमपुर, भक्तोंवाली, सुल्तानपुर, कुशालीपुर, शेरपुर खेलमऊ, सदोली, खरकड़ी, साबतवाली आदि की लगभग 50,000 की आबादी इसी इकलौती एजेंसी पर निर्भर है। सरकार द्वारा 25 दिन में सिलेंडर मिलने का नया नियम लागू होने के बाद से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आए परवीन कुमार, आदित्य गुप्ता, नवीन कुमार और राज सिंह चौधरी सहित दर्जनों लोगों ने अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हम सुबह 7 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी सिलेंडर नहीं मिला। अब कर्मचारी केवाईसी कराने का बहाना बनाकर हमें वापस भेज रहे हैं। गर्मी और घंटों के इंतजार के बाद कई महिलाओं और बुजुर्गों को दोपहर 2:00 बजे बिना सिलेंडर लिए ही मायूस होकर खाली हाथ घर लौटना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोडल अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो चुकी है, उन्हें क्रमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। केवाईसी की प्रक्रिया नियमों के तहत अनिवार्य है।





