झबरेड़ा 5 अप्रैल। झबरेड़ा मँगलौर मार्ग पर किसान चौक के समीप एक डंपर ने बाइक सवार दो भाइयों व एक अन्य को गुरुवार रात्रि लगभग 11:00 बजे जोरदार टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में एक 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये थे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सहारनपुर के थाना देवबंद ग्राम खेड़ामुगल निवासी जावेद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने ताऊ के बेटे शहजाद के साथ मंगलौर से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वे झबरेड़ा में किसान चौक से थोड़ा पहले पहुंचे, तभी गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर के चालक ने लापरवाही से उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और डंपर सहित मौके से फरार हो गया था। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।,शहजाद की मौत हो गई थी। वहीं, जावेद का इलाज रुड़की के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। भाई के सुपुर्द-ए-खाक और इलाज के बाद पीड़ित जावेद ने 4 अप्रैल को झबरेड़ा थाने में आरोपित डंपर चालक के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





