झबरेडा 8 अप्रैल। पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की चेकिंग के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मानकपुर बाईपास के पास से एक युवक को अवैध उत्तर प्रदेश निर्मित शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, मंगलवार 7 अप्रैल को कांस्टेबल मुकेश तोमर और कांस्टेबल रणवीर सिंह क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मानकपुर बाईपास तिराहे पर उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रोड किनारे बने खंडहर के पास सफेद कट्टे में शराब लेकर खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर खंडहर की आड़ में बैठा युवक भयभीत हो गया और छिपने की कोशिश करने लगा। सतर्कता बरतते हुए पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 45 टेट्रा पैक (पव्वे) उत्तर प्रदेश निर्मित देशी शराब मार्का महबूबा मसाला बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वंश 19 वर्ष निवासी ग्राम गदरजुड्डा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार बताया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।





