
झबरेड़ा 31 मार्च। अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ झबरेड़ा पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। नव नियुक्त थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त 3 ट्रैक्टर-डंपरों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना के इकबालपुर चौकी क्षेत्र में रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध खनन की सूचना पुलिस को मिल रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नव नियुक्त झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सूचना की तस्दीक होते ही देर रात चौकी इंचार्ज योगेश कुमार ने पुलिस बल के साथ मिलकर संदिग्ध स्थल पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से अवैध खनन की सामग्री से लदे 3 ट्रैक्टर-डंपर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की सक्रियता देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपितो को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए तीनों ट्रैक्टर-डंपरों को तुरंत सीज कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने अवैध खनन में लिप्त वाहन चालकों को हिरासत में लेकर उनका चालान भी काटा है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने कहा कि झबरेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी कानून के खिलाफ जाकर इस तरह के अवैध धंधों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हमारा यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है। क्षेत्राधिकार अभि नय चौधरी का साफ कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और कानून का राज स्थापित रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगा।




