Oplus_16908288
झबरेड़ा 31 मार्च। नगर पंचायत झबरेड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने कस्बे के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों का औचक निरीक्षण किया और सफाई कर्मचारियों द्वारा की जा रही साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वालों को सख्त हिदायत दी और बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

झबरेडा नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत सुबह-सुबह ही अपनी टीम के साथ कस्बे के निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने कस्बे के मुख्य बाजार, चौराहों और आंतरिक कॉलोनियों का पैदल भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई और सड़कों पर झाड़ू लगाने के कार्य में जुटे हुए थे। ईओ ने मौके पर खड़े होकर नालियों से कचरा निकालने के काम की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी का कड़ा रुख भी देखने को मिला। कुछ जगहों पर कूड़े के ढेर समय से न उठाए जाने पर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर और सफाई नायक को स्पष्ट शब्दों में कहा कि कस्बे की जनता को स्वच्छ माहौल देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईओ ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि हर घर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग इकट्ठा किया जाए। मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए नालियों में पानी न रुकने देने और नियमित कीटनाशक दवाओ के छिड़काव की बात कही। निरीक्षण के दौरान ईओ हर्षवर्धन सिंह रावत ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि झबरेड़ा को स्वच्छ रखना केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है। सभी लोग अपनी दुकानों और घरों का कूड़ा डस्टबिन में ही डालें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल न करें। अधिशासी अधिकारी के इस औचक निरीक्षण से नगर पंचायत के कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। ईओ ने साफ किया कि इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि व्यवस्थाओं को और चुस्त-दुरुस्त रखा जा सके।





