Oplus_19005440

झबरेड़ा 31 मार्च। आजाद समाज पार्टी द्वारा झबरेड़ा स्थित एक फार्म हाउस में ‘ईद मिलन समारोह’ एवं ‘भाईचारा सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर भारी उत्साह दिखाया। कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और मुख्य अतिथियों का कार्यकर्ताओं द्वारा बुके भेंट कर और फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत व सम्मान किया गया।

विधानसभा झबरेड़ा में मंगलवार को आयोजित सम्मेलन में पहुंचे मशहूर यूट्यूबर अमजद ने अपने गीतों से समां बांध दिया और वहां मौजूद जनता को झूमने पर मजबूर कर दिया। मनोरंजन के साथ-साथ उन्होंने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में झबरेड़ा के विकास के लिए महक सिंह के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करें। विधानसभा चुनाव प्रत्याशी महक सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए विरोधियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोग अगर एकजुट भी हो जाएं, तो भी मेरा सामना नहीं कर सकते। हम मिशन के नेता हैं, कमीशन के नेता नहीं हैं। मैं मर सकता हूँ, मिट सकता हूँ, लेकिन अपने लोगों के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हट सकता। उन्होंने आगे कहा कि अगर 2027 में जनता ने उन्हें मौका देकर विधानसभा भेजा, तो वह किसी को भी शिकायत का मौका नहीं देंगे और विरोधियों का एकतरफा सूपड़ा साफ करेंगे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सभी विरोधी पार्टियां गठबंधन करके भी मेरे सामने चुनाव लड़ लें, सबके दांत खट्टे कर दिए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी ने कहा कि एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक मजबूत और जागरूक बहुजन समाज का निर्माण हो रहा है। उन्होंने सत्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बहरों की सरकार है, इसलिए हमें अपने हक के लिए जरा जोर से बोलना पड़ेगा। हम जाति के नाम पर नहीं, बल्कि इंसानियत के नाम पर आगे बढ़ेंगे। यह देश जितना हिंदू भाइयों का है, उतना ही मुसलमान भाइयों का भी है। देश की आजादी और तरक्की में जितनी शहादत हिंदुओं ने दी है, उतनी ही मुस्लिमों ने भी दी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गुर्जर समाज आज पूरी मजबूती के साथ आजाद समाज पार्टी के साथ खड़ा है। अन्य पार्टियां बरसाती मेंढक की तरह सिर्फ चुनाव में नजर आती हैं, लेकिन आजाद समाज पार्टी हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़ी रहती है। कार्यक्रम का संचालन आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव अहतशाम ने किया। इस विशाल भाईचारा सम्मेलन में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी, प्रत्याशी महक सिंह, खुर्शीद मंसूरी, भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव सुशील पाटिल, मौलाना अतीकुर रहमान कासमी, भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल, रोहित कर्णवाल, जैनब अंसारी, चीनी उर्फ गुलफाम, गुलजार, प्रदेश उपाध्यक्ष अवनीश बब्बू, रविंद्र टिकोला, झबरेड़ा प्रभारी अनुराग, आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव अहतशाम,योगेश चौधरी और सूफियान सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




