Oplus_16908288
झबरेड़ा 7 अप्रैल। शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर पीएम श्री अटल उत्कृष्ट सरस्वती राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रवेश उत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव-प्रवेशी छात्राओं का स्वागत करना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि वार्ड 4 मेंबर नगर पंचायत झबरेडा अनुज कुमार,सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार और प्रधानाचार्या पूनम शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ अध्यक्ष रामपाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने कहाकि बेटियों की शिक्षा एक सशक्त समाज की नींव है। पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में मिल रही अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाकर छात्राएं देश का नाम रोशन करें। वहीं, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने छात्राओं को अनुशासन और कठिन परिश्रम का मंत्र देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एक बेहतर भविष्य के निर्माण में गुरुओं की भूमिका सर्वोपरि है। प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। नए प्रवेश लेने वाली छात्राओं का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सामूहिक रूप से आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। नई छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पी टी ए अध्यक्ष रामपाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस उत्सव ने न केवल छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक वातावरण का भी निर्माण किया। आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।





