Oplus_16908288
झबरेडा 15 मार्च। क्षेत्र के गांव में बिजली बिल बकाया वसूली और चेकिंग के दौरान ग्रामीणों द्वारा लाइनमैन के साथ मारपीट और अवर अभियंता के साथ अभद्रता की गई, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

झबरेडा थाना क्षेत्र के गांव लाठरदेवा शेख उपकेंद्र अवर अभियंता शिमायला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह 12 मार्च को अपनी टीम के साथ हरजौली झोझा गांव में बकाया बिलों की चेकिंग कर रही थीं। दोपहर करीब 11:56 बजे टीम ने स्थानीय निवासी इरफान के घर पर बकाया बिल की जानकारी ली और आगे बढ़ गए। इसके तुरंत बाद इरफान के दो पुत्रों,अलीम और इंतजार ने आकर लाइनमैन शुभम त्यागी के साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज की। जब उन्होंने बीच-बचाव और समझाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। अवर अभियंता ने पुलिस को बताया कि इन व्यक्तियों ने पहले भी कैंप के दौरान झगड़ा किया था। इस घटना से लाइन स्टाफ का मनोबल गिरा है और बकाया वसूली के सरकारी कार्य में व्यवधान पैदा हुआ है। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितो के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपितो की तलाश में जुट गई है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि निगम बिना किसी डर के अपना कार्य कर सके।





