झबरेड़ा, 18 सितंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में उधार दिए रुपये वापस मांगने को लेकर दो पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हो गई। मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। मामले में गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

भक्तोंवाली निवासी लाल्ला सिंह ने बताया कि गांव निवासी समीर ने करीब दो माह पहले एक हजार रुपये उधार लिए थे और दो माह बाद रकम लौटाने की बात कही थी। निर्धारित समय बीतने के बाद उसने कई बार समीर से रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। शुक्रवार सुबह लाल्ला सिंह रुपये मांगने के लिए समीर के घर पहुंचा। आरोप है कि रुपये देने के बजाय समीर ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर उसके साथ मारपीट कर दी गई, जिससे वह घायल हो गया। लाल्ला सिंह के अनुसार, वह घटना की शिकायत लेकर कोतवाली जाने लगा तो गांव के कुछ लोग उसके पास पहुंचे और पुलिस के पास नहीं जाने के लिए कहा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद समीर की ओर से एक हजार रुपये उधार की रकम तथा इलाज के लिए 600 रुपये दिए गए। साथ ही भविष्य में विवाद नहीं करने की बात कही गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





