Oplus_16908288
झबरेड़ा 10 सितम्बर। गन्ने का नया पेराई सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले ही झबरेड़ा कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में गन्ना कोल्हू संचालकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकांश कोल्हुओं पर पेराई के लिए मशीनरी और अन्य व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं, जबकि कई स्थानों पर काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, गन्ना विभाग की ओर से एक अक्टूबर से पहले कोल्हू संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में कोल्हू संचालकों की नजर अब एक अक्टूबर की तारीख पर टिकी हुई है।

कस्बा झबरेड़ा व ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान गन्ने की खेती करते हैं। गन्ने की फसल तैयार होने के साथ ही क्षेत्र में जगह-जगह गन्ना कोल्हू लगाने और उन्हें पेराई के लिए तैयार करने का काम शुरू हो जाता है। इस बार भी कस्बे के अलावा आसपास के गांवों में कोल्हू संचालकों ने अपने कोल्हुओं की मरम्मत, मशीनों की फिटिंग और अन्य जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुछ कोल्हुओं पर निर्माण व अन्य कार्य अंतिम चरण में हैं। गन्ना विभाग ने कोल्हू संचालकों को निर्धारित तिथि से पहले पेराई शुरू नहीं करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का उद्देश्य निर्धारित पेराई सत्र और गन्ने की खरीद-व्यवस्था को व्यवस्थित रखना है। इसके चलते कोल्हू संचालक तैयारियां पूरी करने के बाद भी पेराई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। अब सभी की निगाहें एक अक्टूबर पर लगी हैं।तारीख बढ़ेगी या पेराई शुरू होगी, स्थिति स्पष्ट नहींकोल्हू संचालकों में इस बात को लेकर भी असमंजस बना हुआ है कि एक अक्टूबर से पेराई की अनुमति मिल जाएगी या विभाग की ओर से निर्धारित तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल इस संबंध में संचालकों को स्पष्ट जानकारी का इंतजार है। उनका कहना है कि समय से पहले तैयारियां पूरी करने के बावजूद अंतिम निर्णय विभाग के निर्देशों के बाद ही लिया जाएगा। उधर, क्षेत्र के किसानों की निगाहें भी गन्ना कोल्हुओं पर टिकी हैं। किसान कुलदीप, प्रदीप ,सुशील, प्रमोद, राजपाल, योगेश, उमेश का कहना है कि गन्ने की फसल तैयार होने के बाद समय पर पेराई शुरू होना जरूरी है। कोल्हू शुरू होने से किसानों को स्थानीय स्तर पर गन्ना बेचने का विकल्प मिलता है। ऐसे में पेराई शुरू होने की तारीख स्पष्ट होने का किसान भी इंतजार कर रहे हैं।गन्ना विभाग की ओर से आगे क्या निर्देश जारी किए जाते हैं और एक अक्टूबर से कोल्हुओं में गन्ने की पेराई शुरू होती है या तारीख आगे बढ़ाई जाती है, इस पर अब सभी की नजर बनी हुई है।





