Oplus_16908288

हरिद्वार 13 मार्च। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस महकमे में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार ने एक बड़ी कार्रवाई की है। थाना झबरेड़ा के अंतर्गत इकबालपुर चौकी प्रभारी सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर को इकबालपुर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जब प्राथमिक जांच की गई, तो प्रथम दृष्टया चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। अनुशासनहीनता और अवैध कार्यों में संलिप्तता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने यह सख्त कदम उठाया है। चौकी प्रभारी इकबालपुर समेत 6 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक देहात को सौंपी गई है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में रहकर किसी भी प्रकार के अनुचित कार्यों या अवैध गतिविधियों में संलिप्तता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य थानों और चौकियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के इस कड़े रुख ने यह साफ कर दिया है कि यदि कोई भी खाकीधारी अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतता है या गलत कार्यों को संरक्षण देता है, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई निश्चित है।




