झबरेड़ा 14 मार्च। पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने झबरेड़ा थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने और फरियादियों के साथ संवेदनशीलता बरतने के कड़े निर्देश दिए।

शनिवार को अर्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों,शस्त्रागार और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में रखे सामान और हथियारों के रखरखाव की स्थिति को देखा, जिसे संतोषजनक पाया गया। साथ ही, उन्होंने थाने में नवनिर्मित रसोई का भी निरीक्षण किया और बताया कि आगामी एक-दो दिनों में यह विधिवत रूप से शुरू हो जाएगी। झबरेड़ा की स्थिति को संवेदनशील बताते हुए एसपी देहात ने कहा कि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहाँ आपराधिक चुनौतियों का खतरा बना रहता है।अक्सर अपराधी एक राज्य में घटना को अंजाम देकर दूसरे राज्य की सीमा में छिपने की कोशिश करते हैं। ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए अंतरराज्यीय नाकों पर अतिरिक्त चौकसी और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी देहात ने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि जनता के बीच मित्र की तरह होनी चाहिए। उन्होंने थानाध्यक्ष और उप-निरीक्षकों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले हर पीड़ित की बात को ध्यानपूर्वक सुना जाए और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि बेहतर कार्यप्रणाली के लिए पुलिस बल को अभी और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी, थानाध्यक्ष अजय शाह, चौकी इकबालपुर इंचार्ज योगेश कुमार, चौकी इंचार्ज लखनोता रोहित कुमार, एस आई रविंद्र सिंह ,राजेंद्र सिंह, जयसिंह राणा, मुकेश, रणवीर ,रामवीर आदि अन्य स्टाफ मौजूद रहा।





