झबरेड़ा, 8 अक्टूबर। शेरपुर खेलमऊ गांव में घर से सिलेंडर, इनवर्टर और बैटरी चोरी के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई बैटरी और इनवर्टर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शेरपुर खेलमऊ निवासी रघुदेव ने सात अक्टूबर को कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर घर में रखे सिलेंडर, इनवर्टर और बैटरी चोरी होने की शिकायत की थी। मामले में पुलिस ने बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना के पर्दाफाश के लिए उपनिरीक्षक गंभीर सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विजय निवासी शेरपुर खेलमऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लाल रंग की वैकुना कंपनी की बैटरी और एक ल्यूमिनस कंपनी का इनवर्टर बरामद किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गंभीर तोमर, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और कांस्टेबल बलदेव शामिल रहे।





