झबरेड़ा 8 अक्टूबर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज इकबालपुर में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कोतवाली झबरेड़ा पुलिस टीम ने छात्राओं को एआइ वॉयस क्लोनिंग और वॉयस फ्रॉड समेत विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

गोष्ठी में पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि साइबर ठग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से माता-पिता और रिश्तेदारों की आवाज की हूबहू नकल कर फोन कर रहे हैं। ठग आपात स्थिति बताकर तत्काल रुपये भेजने के लिए दबाव बना सकते हैं। ऐसे किसी फोन पर बिना पुष्टि किए किसी खाते या यूपीआइ पर रुपये नहीं भेजने चाहिए। संबंधित व्यक्ति से दूसरे नंबर पर संपर्क कर मामले की पुष्टि करने के साथ ही पुलिस को सूचना देनी चाहिए। पुलिस ने छात्राओं को आधार कार्ड, बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी और यूपीआइ पिन किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा लॉटरी, केबीसी, नौकरी, लोन अथवा अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर भेजे जाने वाले अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने के लिए भी जागरूक किया गया।पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने छात्राओं से अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने हरिद्वार पुलिस के इस अभियान की सराहना की। छात्राओं ने भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज रावत, हेड कांस्टेबल गजपाल और हेड कांस्टेबल सोहन नेगी मौजूद रहे।





