Oplus_19005440
झबरेड़ा, 9 अक्टूबर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से आगामी 11 अक्टूबर, रविवार को बुड़पुर जट गांव में विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत में संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महापंचायत में गन्ने का भाव बढ़ाने, बिजली की बढ़ती दरों, स्मार्ट मीटर लगाए जाने और रात के समय बिजली विभाग की छापेमारी सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

महापंचायत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को झबरेड़ा कस्बे में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अजय सैनी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने अजय सैनी का सम्मान किया और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। पदाधिकारियों ने गांव-गांव तक किसानों और मजदूरों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की। इस दौरान भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने सरकार की नीतियों पर असंतोष जताते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने गन्ने के दाम में की गई मामूली वृद्धि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गन्ने का भाव कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलना जरूरी है। बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश कहा जाता है। फिर भी उत्तराखंड राज्य में बिजली की अन्य को समस्या हर रोज खड़ी है।बिजली की बढ़ती दरों और किसानों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी विरोध जताया गया। इसके साथ ही रात के समय बिजली विभाग की ओर से की जाने वाली छापेमारी पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा गया कि इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संगठन ने इन मुद्दों को महापंचायत में प्रमुखता से उठाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार से आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। भाकियू पदाधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों और मजदूरों से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। संगठन की ओर से किसानों से 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तक अपने टैंक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ नारसन बॉर्डर अथवा निर्धारित स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है। पदाधिकारियों का कहना है कि महापंचायत के माध्यम से किसान अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे और मांगों को लेकर आगामी आंदोलन की दिशा तय करेंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री, जिला महामंत्री नीटू चौधरी, कुलदीप सैनी, हुकम सैनी, प्रचार मंत्री बिट्टू चौधरी, राहुल, अजय, शिवम, शुभम, अरविंद, मोंटी, आशु त्यागी और मांगेराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





