झबरेड़ा 27 फरवरी। पाक रमजान माह के दूसरे जुमे पर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों में इकट्ठा होकर नमाज अदा की और मुल्क की खुशहाली व भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।

झबरेडा कस्बे की मुख्य जामा मस्जिद और मुख्य बाजार स्थित मदरसा दारुल उल हक में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। अकीदतमंदों ने अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर इबादत की। जुमे की नमाज कारी इस्तकार अहमद द्वारा संपन्न कराई गई। नमाज के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कारी इस्तकार अहमद ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा रमजान के महीने में आने वाले जुमे की नमाज का विशेष महत्व है और हर मुसलमान के लिए इबादत करना जरूरी है। रमजान का महीना बेहद पाक होता है। केवल भूखा-प्यासा रहना ही इबादत नहीं है, बल्कि इस महीने में गरीबों और असहायों की मदद करना ही अल्लाह की सच्ची इबादत है। नमाज के समापन पर सामूहिक रूप से हाथ उठाकर देश में अमन, चैन और आपसी सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी गई। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रही।





