झबरेड़ा 30 सितम्बर। कस्बे के मुख्य मार्ग और बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर बुधवार को नगर पंचायत झबरेड़ा की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान से बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में खलबली मची रही।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क व सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। टीम ने मौके पर ही पांच दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100-100 रुपये के चालान काटे। अभियान के दौरान नगर पंचायत टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान के बाहर सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर सामान रखकर यातायात बाधित न किया जाए। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।नगर पंचायत अधिकारियों ने बताया कि कस्बे के मुख्य मार्ग और बाजार में अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा बाजार में आवागमन की समस्या दूर करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में एसआई दिनेश कुमार, तरुण सैनी, जुल्फान अली, ओमपाल सिंह, गुड्डू, नसीर सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।





