Oplus_19005440
झबरेड़ा 17 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत के कथित अपमान और जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता देशराज कर्णवाल ने थाना झबरेड़ा में तहरीर देकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही करने की मांग की है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व दर्जाधारी देशराज कर्णवाल द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय (इंदिरा भवन) में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान सोनिया गांधी मंच पर खड़े होकर सार्वजनिक रूप से राष्ट्रीय गीत के प्रति अनादर प्रदर्शित करती नजर आईं। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय गीत के गायन के बीच उसे रुकवाने के उद्देश्य से बार-बार हाथ के इशारे किए गए तथा मंच पर मौजूद अन्य पदाधिकारियों से बातचीत कर राष्ट्रीय गीत के प्रवाह में जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न किया गया। तहरीर में कहा गया है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया और राष्ट्रीय मीडिया चैनलों पर सार्वजनिक रूप से प्रसारित हुआ है। देशराज कर्णवाल ने तहरीर में इसे राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के प्रति अनादर बताते हुए कहा कि इससे देश के नागरिकों की राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने मामले में वीडियो साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए सोनिया गांधी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 3 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामले को गंभीर एवं संज्ञेय अपराध की श्रेणी में बताते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। इस अवसर पर कोतवाली में देशराज कर्णवाल के साथ इंद्रेश मोती, मुकेश कश्यप, रोशन वाल्मीकि, बृजमोहन त्यागी ,अनूप सिंह, बृजभूषण, अरविंद कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुबोध सैनी, पदम सिंह ,सुरेश कुमार, महिपाल आदि उपस्थित रहे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि जांच कर तथा उच्च अधिकारियों के संज्ञान में डालकर उचित कार्रवाई की जाएगी।





