झबरेडा 20 अप्रैल। कस्बा झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम लाठरदेवा हुण स्थित ‘सागर पेपर मिल’ में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


सोमवार को पेपर मिल के वेस्टेज सेक्शन में अचानक धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे पूरी फैक्ट्री में धुएं का गुबार छा गया। आग को बढ़ता देख फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना झबरेड़ा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। अग्निशमन दल ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैक्ट्री के मुख्य मशीनरी हिस्से तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया और उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। कंपनी के मालिक अनिरुद्ध त्यागी ने बताया कि आग वेस्टेज वाले हिस्से में लगी थी, लेकिन इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। फिलहाल आग को बुझा दिया गया है। जहां तक नुकसान का सवाल है, अभी इसका सटीक आकलन करना संभव नहीं है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन अब आग लगने के कारणों की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।





