झबरेड़ा, 4 अक्टूबर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुलेवाला के पास हाईवे पर रविवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

इकबालपुर पुलिस चौकी प्रभारी नीरज रावत ने बताया कि ग्राम माधोपुर, थाना गंगनहर रुड़की निवासी राशिद अली रविवार दोपहर बाइक से जा रहे थे। मुलेवाला के पास हाईवे पर पहुंचने पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राशिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राशिद की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।





