झबरेड़ा 19 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो बाइक चोरी होने के मामले में पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम बिझौली निवासी आस मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ग्राम लाठरदेवा शेख स्थित रुड़की हॉस्पिटल में काम करता है। 9 अगस्त को करीब 11 बजे वह अपनी स्पेलेंडर बाइक से अस्पताल आया था। उसने बाइक अस्पताल के सामने खड़ी की थी। काम खत्म होने के बाद जब वह घर जाने के लिए बाहर आया तो बाइक मौके से गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। वहीं, दूसरे मामले में लाम ग्रांट निवासी नीरज कुमार ने बताया कि वह झबरेड़ा थाने से करीब 300 मीटर दूर ईशु निरंकारी फर्नीचर की दुकान पर काम करता है। 14 अगस्त को दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच उसकी हीरो स्पेलेंडर प्लस बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने पुलिस से बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है। दोनों मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बाइक चोरों की तलाश में जुटी है।





