झबरेड़ा 21 मार्च। कस्बे के मोहल्ला गड़रियान निवासी एक युवक पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वह अपने परिवार के साथ धार्मिक अनुष्ठान कर लौट रहा था। हमले में युवक का दांत टूट गया और चेहरे व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित मनीष पंवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 मार्च की सुबह करीब 10:15 बजे वह अपने परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ झबरेडी रोड रेलवे स्टेशन के पास अपने पितृ देवताओं का पूजन करके लौट रहे थे। जैसे ही उन्होंने वापसी के लिए अपनी कार मोड़ी, तभी वहां मौजूद जितेंद्र उसकी पत्नी सीमा और एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी गाड़ी के सामने खड़े होकर अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उन्होंने गालियों का विरोध किया तो जितेंद्र ने जान से मारने की नीयत से उनके चेहरे पर नुकीले पत्थर से वार किया, जिससे उनका दांत टूट गया और ऊपरी होंठ बुरी तरह कट गया। आरोप है कि इसके बाद सीमा और अज्ञात व्यक्ति ने भी लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया, जिससे मनीष के दोनों हाथों और पेट पर गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद हर्ष पंवार और सपना ने बीच-बचाव कर मनीष को हमलावरों से छुड़ाया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय जितेंद्र ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने ‘112’ नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने जितेंद्र को अपराधी किस्म का व्यक्ति बताते हुए अपनी जान-माल का खतरा जताया है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि मामले में एक पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है वहीं दूसरे पक्ष की और से भी पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





