Oplus_16908288
झबरेड़ा, 3 अगस्त। सावन मास के पहले सोमवार को कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

कस्बे झबरेडा के नंदा वाला बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। दिन निकलते-निकलते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने अपनी बारी का इंतजार करते हुए विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर में दोपहर तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार जारी रहा। कस्बे के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ जलाभिषेक कर भगवान शिव से सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिरों में पूरे दिन ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नंदा वाला बाग प्राचीन शिव मंदिर के महंत पंडित गणेश प्रसाद ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव का श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भोलेनाथ भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। वहीं, ग्राम झबरेड़ी में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सावन के पहले सोमवार के अवसर पर हवन-यज्ञ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शिवभक्त मौजूद रहे।





