झबरेड़ा 27 जुलाई। क्षेत्र के गांव स्थित फैक्ट्री के पास पुरानी रंजिश या विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक और उसके भाइयों के साथ जमकर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने का मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के गांव भरतपुर साहालपुर निवासी मिंटू कुमार ने कोतवाली झबरेड़ा में दी तहरीर में बताया कि 24 जुलाई को शाम लगभग 5:00 बजे वह ग्राम बुडपुर स्थित अरोमा फैक्ट्री में पत्ते बेचने गया था। जब वह कांटे पर वजन करा रहा था, तभी पीछे से पाडली निवासी एक व्यक्ति ने अपने ट्रैक्टर से उसके ट्रैक्टर में जानबूझकर टक्कर मार दी और गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर पीड़ित बिना माल बेचे ही अपने ट्रैक्टर से घर वापस लौटने लगा। पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह फैक्ट्री के गेट के पास पहुँचा, ग्राम बुडपुर निवासी रोहित और उसके भाई ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने तुरंत फोन करके अपने भाइयों अश्वनी और अभिषेक को मौके पर बुलाया। आरोप है कि जब उसके भाई वहाँ पहुँचे, तो आरोपितो ने उनके साथ भी बर्बरतापूर्वक मारपीट की और धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को इकट्ठा होता देख आरोपित पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित मिंटू कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की छानबीन कर रही है।





