Oplus_16908288
झबरेड़ा, 28 जुलाई। करीब 17 दिन बाद मंगलवार को कस्बा एवं क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी गन्ना और धान की फसलें सूखने लगी थीं। मजबूरन किसानों को नलकूप चलाकर सिंचाई करनी पड़ रही थी।

मंगलवार को हुई अच्छी बारिश के बाद अधिकांश किसानों ने अपने नलकूप बंद कर दिए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।कस्बा झबरेडा क्षेत्र में 11 जुलाई के बाद मंगलवार को पहली अच्छी बारिश हुई। बारिश के अभाव में खेतों में नमी खत्म हो रही थी और फसलों को बचाने के लिए किसानों को लगातार सिंचाई करनी पड़ रही थी। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा था। जिन किसानों के नलकूप बिजली से संचालित हैं, उन्हें बढ़े हुए बिजली बिल की चिंता थी, जबकि जिनके पास बिजली की सुविधा नहीं है, वे ट्रैक्टर और महंगे डीजल के सहारे सिंचाई कर रहे थे। किसान जयवीर सिंह, महकार सिंह, रणवीर सिंह, अनुज कुमार, अरमान अली, मुनव्वर हुसैन, विक्रम सिंह और रोहताश ने बताया कि समय पर हुई बारिश से गन्ना और धान की फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा। किसानों ने उम्मीद जताई कि यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो इस वर्ष फसल उत्पादन बेहतर रहेगा। बारिश से केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों को भी उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह से रुक-रुक कर हुई वर्षा के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।





