Vector Thief cuts the city's cables at night
झबरेड़ा, 18 सितंबर। कस्बा एवं आसपास के क्षेत्र में नलकूपों से बिजली के उपकरण चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों में बने नलकूप के कमरों को निशाना बनाते हुए बिजली के उपकरण चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद किसानों में रोष है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने किसान नितिन सैनी, तेजपाल, पप्पू और असलम के खेतों में बने नलकूप के कमरों के ताले अथवा दरवाजे तोड़कर वहां रखे बिजली के उपकरण चोरी कर लिए। सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो नलकूप के कमरे में सामान बिखरा मिला और बिजली के उपकरण गायब थे। इसके बाद किसानों ने आसपास के खेतों में भी जाकर जानकारी की। किसानों का कहना है कि खेतों में नलकूप सुनसान स्थानों पर होने के कारण रात के समय सुरक्षा व्यवस्था का अभाव रहता है। चोर मौका पाकर नलकूपों से बिजली के कीमती उपकरण चोरी कर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का भी खतरा बना रहता है।किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और नलकूपों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही पूर्व में हुई नलकूप चोरी की घटनाओं का पता लगाकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।





