Oplus_16908288
झबरेड़ा, 3 अक्टूबर। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। स्टेडियम रोशनाबाद में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-सांसद चैंपियनशिप में एंबिशन पब्लिक स्कूल के छात्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी शॉटपुट, चक्का फेंक, रिले रेस, रेसलिंग और 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वंदना कटारिया स्टेडियम रोशनाबाद, हरिद्वार में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-सांसद चैंपियनशिप में विधानसभा झबरेड़ा की ओर से प्रतिभाग करते हुए एंबिशन पब्लिक स्कूल के छात्र सानिध्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर सानिध्य को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में प्रतिभाग करने से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। सानिध्य की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष जताया। इसी क्रम में चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज झबरेड़ा के छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रोशनाबाद में आयोजित ओपन गेम्स में प्रियांशी परमार ने शॉटपुट में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले में द्वितीय स्थान हासिल किया। दिव्या पवार ने न्याय पंचायत स्तर की चक्का फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। काजल ने रिले रेस में प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 11 की छात्रा आर ने रेसलिंग में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्णिका ने 100 मीटर दौड़ में जिले में द्वितीय स्थान हासिल किया। कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने व्यायाम शिक्षक सौरभ पवार की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के साथ निरंतर अभ्यास का परिणाम सामने आया है। कैप्टन सुशील कुमार आर्य ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भी मेहनत आवश्यक है। मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मनोज कुमार सहित सुमित कुमार, बलेश शर्मा, विनोद कुमार, अशोक कुमार, निधि चौधरी, नीलम, अरुणा, अमित कंबोज, कुलदीप त्यागी, ओमवीर सिंह, सौरभ सिंह, आशीष परमार, इशिका और खुशी आदि मौजूद रहे।





