झबरेड़ा 19 जुलाई। झबरेड़ा मुख्य बाजार में घरेलू सामान लेकर सड़क पार कर रही कस्बा निवासी एक बुजुर्ग महिला रामू देवी को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद उनका 6 वर्षीय नाती बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद आरोपित बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से परिजनों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रुड़की रेफर करा दिया है। स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ भारी आक्रोश है।






