झबरेड़ा 15 मई। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी रंजिश और विवाद के चलते दबंगों के हौसले बुलंद हैं। करीब एक दर्जन हमलावरों ने एक युवक को घेरकर न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि जान बचाने के लिए थाने की ओर भाग रहे युवक का धारदार हथियारों और लाठी-डंडों के साथ थाने के गेट तक पीछा किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पीड़ित अमित कुमार निवासी मानकपुर आदमपुर द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना की शुरुआत 9 मई की रात करीब 9 बजे हुई। अमित का भाई ललित अपने दोस्तों सुरेंद्र और प्रवीण के साथ भगतोवाली स्थित ‘नीटू फास्ट फूड’ पर फास्ट फूड खा रहा था। उसी समय गांव के ही निशांत, अंकुर, हिमांशु, अमन और अक्षय भी वहां मौजूद थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद में उक्त आरोपितो ने ललित और उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित वहां से फरार हो गए। घटना के कुछ देर बाद, करीब 9:30 बजे जब पीड़ित अमित कुमार कपड़े लेने झबरेड़ा जा रहा था, तो अंबेडकर चौक पेट्रोल पंप के पास आरोपितो ने उसे घेर लिया और निशांत, अंकुर, हिमांशु और 10 अन्य अज्ञात लोगों ने अमित की बाइक रोक ली। उसका फोन छीन लिया गया और मां-बहन की भद्दी गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट की गई। जब अमित जान बचाकर बाइक से थाने की ओर भागा, तो हमलावर हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर थाने के गेट तक उसके पीछे दौड़े। अमित कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप, नगर पालिका और थाने के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपित हथियारों के साथ उसका पीछा करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। आरोपितो ने जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है किअमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पीड़ित परिवार ने भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।





