झबरेड़ा 15 मई। कोतवाली झबरेड़ा के अंतर्गत गांव में एक शादी की खुशियां उस वक्त चिंता में बदल गईं, जब बारात आने से कुछ देर पहले घर का 3 वर्षीय मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है।


मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा कोतवाली के गांव भगतोवाली निवासी अमरेश कुमार के घर में उनकी बहन की शादी का समारोह चल रहा था। गुरुवार 14 मई को घर में बारात आने की तैयारी जोर-शोर से चल रही थी और परिवार के सभी सदस्य कामकाज में व्यस्त थे। अमरेश का 3 वर्षीय पुत्र आयू सुबह से ही पिता के आसपास खेल रहा था, लेकिन शाम करीब 4:00 बजे अचानक वह कहीं गुम हो गया। जब काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में काफी ढूंढने के बाद भी जब आयू का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है पीड़ित पिता अमरेश कुमार ने कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर पुलिस से बच्चे की बरामदगी की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर सूचना दर्ज कर ली है और बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि बच्चे का किसी को पता चले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या झबरेड़ा कोतवाली को सूचित करें।




