Oplus_16908288
झबरेड़ा 12 मई। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में जहर के सेवन का मामला सामने आया। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई जा रही है।

झबरेडा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर शाम एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी हुई, वे आनन-फानन में युवक को डॉक्टर के पास ले गए। हालांकि, डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, दूसरी ओर सोमवार को ही एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि परिजनों के साथ किसी बात को लेकर महिला की कहासुनी हो गई थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। फिलहाल डॉक्टर ने उपचार के बाद महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई है। इन घटनाओं के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि फिलहाल इन मामलों में अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से पूरी घटना की जांच कर रही है।





