Oplus_16908288
झबरेड़ा 20 जनवरी। थाना क्षेत्र के गांव में अवैध खनन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल हो गई है। तेज रफ्तार खनन वाहनों की वजह से सुरक्षा का संकट बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
झबरेडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खुंडेवाली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से अवैध खनन का धंधा जोरों पर है। बेखौफ खनन माफिया न केवल सरकारी राजस्व को चपत लगा रहे हैं, बल्कि इस अवैध कारोबार ने स्थानीय ग्रामीणों का जीना भी दूभर कर दिया है। सबसे गंभीर चिंता सुरक्षा को लेकर है। तेज रफ्तार से दौड़ते ये अवैध खनन वाहन आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस क्षेत्र में खनन में संलिप्त वाहनों की चपेट में आने से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बावजूद, सड़कों पर इन मौत के सौदागरों की रफ्तार पर अंकुश लगाने वाला कोई नहीं है। विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना किसी जोखिम से कम नहीं रह गया है। स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से इसकी शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई और सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। इधर, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लागातार कार्रवाई की जा रही है। यह मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो यहां पर भी कार्रवाई की जाएगी।
