
झबरेड़ा 14 अप्रैल। थाना क्षेत्र के ग्राम में सफाई करने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक घर में घुसकर महिला और युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।ग्राम लखनौता निवासी संदीप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 6 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे उसकी माता निर्मला घर के पास सफाई कर रही थीं। इसी दौरान गांव का ही निवासी एक व्यक्ति वहां आया और बिना वजह गाली-गलौज करने लगा। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपित अपने दो पुत्रों के साथ लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर में घुस गए। आरोपितो ने संदीप व माता निर्मला और उसके चचेरे भाई सोनू पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर पड़ोसी सुभाष और अनुज मौके पर पहुंचे, जिन्होंने बीच-बचाव कर मां-बेटे को आरोपितो के चंगुल से छुड़ाया। पीड़ित संदीप ने बताया कि आरोपित जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए थे, जिससे परिवार दहशत में था। इसी डर के कारण वह समय पर पुलिस को सूचना नहीं दे पाया। किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने थाने पहुंचकर 3 पिता पुत्र आरोपितो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है तहरीर के आधार पर रमेश, कार्तिक व सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।





