झबरेड़ा 15 अप्रैल। कस्बा के मोहल्ला में बच्चों के मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि बच्चों के झगड़े में बड़े कूद पड़े और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर चढ़कर हमला कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम कस्बा झबरेडा के गढ़ी बाहर मोहल्ला के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हो गया। शोर सुनकर जब बच्चे अपने घर पहुँचे, तो विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कस्बा निवासी साकिब अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बच्चों के झगड़े के बाद दूसरे पक्ष के दो लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उनके घर पर आ चढ़े और घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और साकिब व उनके परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले में नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गया।मोहल्ले वासियों ने बीच-बचाव किया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मोहल्ले वासियों को आता देख हमलावर भविष्य में जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि एक पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





