Oplus_16908288
झबरेड़ा 3 जून। लगातार बढ़ रहे पारे और भीषण गर्मी को देखते हुए आम जनजीवन बेहाल है। ऐसे में राहगीरों, स्थानीय व्यापारियों और कस्बा वासियों को इस चिलचिलाती धूप में राहत देने के लिए नगर पंचायत झबरेड़ा द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। जिस कारण गर्मी से लोगों को बहुत राहत मिली है।

नगर पंचायत झबरेड़ा अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने कस्बे के मुख्य मार्ग पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल के टैंकर की व्यवस्था कराई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में बाजार आने वाले ग्रामीणों, राहगीरों और दिनभर दुकानों पर बैठने वाले स्थानीय व्यापारियों के लिए पीने के ठंडे पानी की किल्लत को दूर किया गया है। नगर पंचायत द्वारा मुख्य मार्ग पर पानी का टैंकर खड़े करवाए जाने से अब लोगों को प्यास बुझाने के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा स्टील के आधुनिक वाटर टैंकर का निर्माण कराया गया है जिसमें शुद्ध पानी भरकर उसको ठंडा किया जाता है जिसे राहगीर व स्थानीय लोग इससे अपनी बोतलें भरकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। टैंकर में साफ-सफाई और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सिंक और टोटियों की भी उचित व्यवस्था की गई है। जनहित कार्य को देखकर झबरेड़ा के कस्बा वासियों, व्यापारियों और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय जनता ने इस त्वरित और संवेदनशील व्यवस्था के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी और अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इस तपती गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का काम है और नगर पंचायत ने सही समय पर यह कदम उठाकर सराहनीय कार्य किया है।





