Oplus_16908288
झबरेडा 3 जून। झबरेडा में आयोजित ‘भारतीय भाषा समर कैम्प 2026’ के सातवें और अंतिम दिवस पर छात्राओं के लिए विशेष भाषाई और पारंपरिक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कस्बा झबरेडा स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट सरस्वती राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज में शिविर समापन के दौरान छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में भाग लिया। इस गतिविधि से न केवल छात्राओं का मनोरंजन हुआ, बल्कि उनमें ध्वनियों को पहचानने और भाषा के प्रति गहरी समझ का विकास भी हुआ। इसके बाद, छात्राओं ने अंग्रेजी शब्दों पर आधारित ‘वर्ड चैन’ खेल में अपना हुनर दिखाया, जिससे उनके अंग्रेजी शब्दकोश में वृद्धि हुई और उनके ज्ञानवर्धन को एक नई दिशा मिली। छात्राओं के भाषाई स्तर को और अधिक निखारने के लिए उन्हें हिंदी और अंग्रेजी भाषा के ‘टंग ट्विस्टर्स’ का विशेष अभ्यास कराया गया। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के उच्चारण को शुद्ध करना, झिझक दूर करना और उनकी तार्किक क्षमता का विकास करना था। गतिविधियों के समापन के बाद, कैंप में शामिल सभी 16 छात्राओं ने एक साथ बैठकर सुरुचिपूर्ण मध्याह्न भोजन का आनंद लिया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रेरणा सत्र का आयोजन किया गया, जिसके तहत शिविर में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को ‘समर कैम्प प्रतिभागिता प्रमाण पत्र’ वितरित किए गए। अपनी इस उपलब्धि पर प्रमाण पत्र पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता, राजनीति विज्ञान सुदेश रानी और प्रवक्ता, रसायन विज्ञान अलका रानी द्वारा किया गया। उनकी कुशल देखरेख में छात्राओं ने खेल और शिक्षा के इस अनूठे संगम का भरपूर लाभ उठाया।कैंप के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और कार्यालय स्टाफ का भी सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान सुदेश रानी व अलका रानी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रमाण पत्र सौंपे। कार्यालय से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मनोज रावत, प्रधान सहायक पंकज कुमार, और कनिष्ठ सहायक संजय कुमार सहित समस्त कार्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर शिविर को सफल बनाने में अपना विशेष सहयोग दिया।





