झबरेड़ा 27 फरवरी। झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बलेनो कार ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-बोगी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम मानकपुर आदमपुर निवासी विशाल अपने ट्रैक्टर-बोगी के साथ मंगलौर से झबरेड़ा की ओर आ रहा था। जैसे ही वह कस्बे के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुँचा तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चालक विशाल उछलकर सड़क पर जा गिरा। वहीं, कार में सवार कार चालक रोहित कुमार निवासी संगरूर पंजाब,लवप्रीत निवासी फिरोजपुर पंजाब,करिश्मा व हैप्पी निवासी मलोट थाना मलोट हाल निवासी मोहाली चंडीगढ़ भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी पाँचों घायलों को कस्बे के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





