देहरादून 19 जुलाई। राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्वस्तिक कैफे के पास बुलाकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने युवक पर पिस्टल से फायरिंग कर दी, लेकिन गनीमत रही कि पीड़ित के दोस्तों ने उसे ऐन वक्त पर बचा लिया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रामनगर (झबरेड़ा) निवासी सन्नी फिलहाल देहरादून में अपने दोस्त आर्यन के साथ एक कमरे में रहता है। सन्नी ने बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 2:40 बजे उसके मोबाइल पर शुभम नाम के एक युवक का फोन आया। शुभम ने उसे तड़के 3:15 बजे पटेलनगर स्थित ‘स्वस्तिक कैफे’ के पास मिलने के लिए बुलाया। पीड़ित सन्नी जब अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, तो वहां शुभम अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ पहले से मौजूद था। आरोप है कि आते ही शुभम और उसके साथियों ने सन्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच विवाद बढ़ने पर शुभम ने पिस्टल निकालकर सन्नी पर सीधे फायर झोंक दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सन्नी के साथ आए दोस्तों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे खींच लिया, जिससे गोली उसे नहीं लगी। इसके तुरंत बाद, शुभम के साथ आए युवराज नाम के एक अन्य युवक ने शुभम के हाथ से पिस्टल झपट ली और उसने भी सन्नी पर दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन इस बार मिसफायर होने के कारण गोली नहीं चली।दोबारा मिसफायर होने के बाद पकड़े जाने के डर से हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित सन्नी और उसके साथियों ने भी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस एक्टिव हो गई है। कांस्टेबल जयदेव भंडारी द्वारा पीड़ित की हस्तलिखित तहरीर को कंप्यूटर पर शब्द-ब-शब्द दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कैफे के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।





