झबरेड़ा 2 फरवरी। इकबालपुर शुगर मिल में वेतन न मिलने के विरोध में धरना दे रहे एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से धरनास्थल पर कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारी नेताओं ने आर्थिक तंगी और लंबे समय से वेतन न मिलने को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
प्रदीप शर्मा निवासी गंगदासपुर, थाना देवबंद हाल निवासी निवासी इकबालपुर सोमवार दोपहर धरने पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद बेहोश हो गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बावजूद देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। बता दें कि है कि 29 दिसंबर से इकबालपुर शुगर मिल के 100 से अधिक कर्मचारी बकाया वेतन की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन संबंधी समस्या को लेकर एसडीएम, जिलाधिकारी और गन्ना मंत्री तक से वेतन दिलाने की मांग की लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। कर्मचारी नेता नाजिम अली और मुकेश पाटिल ने बताया कि प्रदीप शर्मा लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण मानसिक तनाव में थे। उधर, प्रदीप शर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से शुगर मिल में कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, दो दिन बाद बुग्गावाला में उनकी भतीजी की शादी होनी थी। रविवार को वे उसकी सगाई में शामिल होकर लौटे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि शादी से पहले ही वे इस दुनिया में नहीं रहेंगे।
