झबरेड़ा 21 जनवरी। इकबालपुर स्थित शुगर मिल में शुगर मिल के कर्मचारियों को 17 माह से वेतन न मिलने के कारण अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। धरना प्रदर्शन में शामिल होकर भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने कहा कि कर्मचारियों को 26 जनवरी तक वेतन नही मिला तो वह कर्मचारियों के बीच इकबालपुर शुगर मिल मे अनशन शुरू कर देगी।
इकबालपुर शुगर मिल में काम करने वाले कर्मचारीयो को 17 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारी विवश होकर शुगर मिल परिसर में 23 दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को इकबालपुर शुगर मिल में धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के बीच भगवानपुर कांग्रेस विधायक ममता राकेश भी पहुंची। विधायक ममता राकेश ने कहा कि वह कर्मचारियों के साथ है। शुगर मिल कर्मचारियों को 26 जनवरी तक वेतन नहीं मिला तो वह 27 जनवरी से कर्मचारियों के बीच शुगर मिल परिसर में ही अपने समर्थकों के साथ अनशन शुरू कर देगी। विधायक ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल प्रबंधन के साथ-साथ राज्य की भाजपा सरकार भी इस और कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को वेतन देने के संबंध में वह कई बार शासन प्रशासन के अधिकारियों से भी वेतन दिलाने की मांग कर चुकी है। उन्होंने शुगर मिल कर्मचारियों को वेतन न मिलने की समस्या विधानसभा में भी उठाई थी। उसके बाद भी कोई हल नहीं निकल पा रहा है।
