झबरेड़ा 10 मार्च। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव सुलेमान मलिक ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए भाजपा सरकार को नाकाम सरकार बताया है।

ग्राम भक्तोंवाली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल उद्योगपतियों के हित साध रही है, जबकि मध्यम और गरीब वर्ग को सिर्फ वोट बैंक समझा जा रहा है। मलिक ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक तरफ सरकार वैश्विक युद्ध ईरान-अमेरिका के बावजूद पर्याप्त भंडार होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपए की भारी वृद्धि कर गरीबों की कमर तोड़ दी गई है। उन्होंने नए नियम पर भी सवाल उठाए अब उपभोक्ताओं को 25 दिन के बाद ही गैस सिलेंडर मिल सकेगा। इस प्रतिबंध के कारण बाजार में गैस की कालाबाजारी चरम पर पहुँच गई है। मलिक ने राज्य सरकार के विकास के दावों को धरातल पर शून्य बताते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी अनियंत्रित हो चुकी है।हकीकत यह है कि आज माली और चौकीदार की नौकरी के लिए पोस्ट ग्रेजुएट युवा हजारों की संख्या में फॉर्म भर रहे हैं। यह सरकार के झूठे रोजगार दावों की पोल खोलता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और बढ़ती बिजली दरों ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किसानों के नलकूपों के लिए बिजली मुफ्त है, जबकि उत्तराखंड में दरें लगातार बढ़ाई जा रही हैं। दूसरी ओर, जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने गैस के बढ़े दामों को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग पूरी तरह मुस्तैद है और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर आलम, आदिल, जयवीर चौधरी, इरशाद, सावेद, नीरज कुमार, श्याम सिंह, रामकुमार, विपिन कुमार, वेदांत कुमार, जमशेद और शमशाद मलिक सहित कई कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।





