झबरेड़ा 20 मार्च। कस्बा झबरेड़ा में अमावस्या के दिन खेत में बने देवताओं की पूजा करने गए दो पक्षों के बीच कार मोड़ने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और मारपीट तक जा पहुँचा। मामले में एक पक्ष की महिला ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों पर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।

कस्बा झबरेडा निवासी सीमा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार को अमावस्या के अवसर पर अपने खेत में स्थित देवताओं की पूजा करने गई थीं। इसी दौरान कस्बे के ही निवासी अवनीश और हर्ष भी अपनी कार से खेतों की ओर आए थे। आरोप है कि इन दोनों भाइयों ने अपनी कार को मोड़ने के चक्कर में उसे दूसरे किसान के बरसीम के खेत में घुसा दिया, जिससे खड़ी फसल बुरी तरह रौंद दी गई। जब सीमा देवी और उनके पति जितेंद्र ने फसल खराब होने का विरोध किया, तो विवाद गरमा गया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर अवनीश और हर्ष ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपितो ने लाठी-डंडों से हमला कर उसके पति जितेंद्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया।बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी मारपीट की गई और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





