झबरेडा 13 फरवरी। कस्बा स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में महाशिवरात्रि का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए विद्यार्थियों को पर्व के महत्व के बारे में बताया गया।

शुक्रवार को कस्बा झबरेड़ा स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल के किंडरगार्टन विभाग में आगामी त्यौहार महाशिवरात्रि के अवसर पर महाशिवरात्रि का उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक सोनम रॉस पवार ने बच्चों को महाशिवरात्रि पर्व के महत्व के बारे में सरल शब्दों में बताया। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को मनाया जाने वाला एक प्रमुख हिंदू पर्व है, जो भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन (विवाह), शिव के निराकार से साकार रूप में प्रकटीकरण, और उनके नीलकंठ बनने की स्मृति में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। यह दिन आध्यात्मिक जागृति, ध्यान, और आत्म-नियंत्रण के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस दिन रुद्राभिषेक और शिवलिंग की पूजा को अत्यंत फलदायी माना गया है। जिसमें रात्रि जागरण और व्रत से भक्त को पापों से मुक्ति व सुख-समृद्धि मिलती है। विद्यार्थियों द्वारा इस मौके पर शिव पार्वती की एक झांकी भी प्रस्तुत की गई। इस आयोजन से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं की जानकारी मिली।





